Advertisement
03 May 2023

पीएम मोदी का सीधा हमला, कहा- शांति व विकास की दुश्मन है कांग्रेस, आतंक के आकाओं को बचाती है और तुष्टिकरण को बढ़ाती है

कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि विपक्षी पार्टी की पूरी राजनीति ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भारत के लोकतंत्र और विकास की वैश्विक स्तर पर सराहना और सम्मान किया जा रहा है तो वह दुनिया भर में जाकर देश को बदनाम कर रही है।

कांग्रेस को ‘शांति और विकास का दुश्मन’ बताते हुए प्रधानमंत्री ने पार्टी पर भारत के रक्षा बलों का अपमान करने और उन्हें गाली देने का भी आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि जिस राज्य के लोग शान्ति और प्रगति चाहते हैं, वे सबसे पहले अपने राज्य से कांग्रेस को बाहर कर देते हैं।

तटीय कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के मुल्की शहर में ‘भारत माता की जय’ तथा ‘बजरंग बली की जय’ के नारे के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कर्नाटक को अपने ‘शाही परिवार’ के लिए ‘नंबर-1 एटीएम’ बनाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह आतंक के आकाओं को बचाती है और तुष्टीकरण को बढ़ाती है।

Advertisement

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा प्रयास है कि कर्नाटक औद्योगिक विकास, कृषि विकास के साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा में नंबर-1 बने। लेकिन कांग्रेस क्या चाहती है? कांग्रेस कर्नाटक को… दिल्ली में जो उनका ‘शाही परिवार’ बैठा है, उस परिवार का नंबर-1 एटीएम बनाना चाहती है। हर योजना में 85 प्रतिशत कमीशन खाने वाली कांग्रेस कर्नाटक को गड्ढे में गाड़ देगी।’’

मोदी ने कहा कि देश में जहां भी लोग शान्ति और प्रगति चाहते हैं,वह सबसे पहले अपने राज्य से कांग्रेस को बाहर कर देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर समाज में शान्ति है तो कांग्रेस शांत नहीं बैठ पाती और अगर देश प्रगति करता है तो कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं कर पाती। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की पूरी राजनीति ‘बांटो और राज करो’ पर आधारित है। कर्नाटक के लोगों ने खुद कांग्रेस का यह खौफनाक चेहरा देखा है।’’

प्रधानमंत्री ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से विशेष रूप से कहा कि अगर उन्हें अपना करियर बनाना है और अपने मन का काम करना है तो यह कांग्रेस के रहते संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में अगर अस्थिरता रही तो आपका भाग्य भी अस्थिर रहेगा।’’

मोदी ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार होती है तो वहां के निवेशक भागने लग जाते हैं क्योंकि वह ‘‘आतंक के आकाओं को बचाती है और तुष्टीकरण को बढ़ाती है’’।

उन्होंने साल 2008 में जयपुर में हुए सीरियल बम विस्फोट मामले में सभी आरोपियों के बरी होने का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें 50 से अधिक लोग मारे गए थे लेकिन वहां की कांग्रेस सरकार ने ऐसा काम किया कि धमाका करने वाले सारे के सारे दोषी, निर्दोष हो कर जेल से छूट गए। उन्होंने कहा, ‘‘तुष्टीकरण की यही नीति कांग्रेस की एकमात्र पहचान है।’’

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को कई मौकों पर ‘रिवर्स गियर कांग्रेस’ कहकर पुकारा । उन्होंने कहा कि वह असामाजिक लोगों पर दर्ज मुकदमे ना केवल वापस ले लेती है बल्कि उन्हें छोड़ भी देती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब समाज के विभिन्न वर्ग एकजुट होकर असामाजिक लोगों का विरोध करते हैं तो रिवर्स गियर कांग्रेस दूसरी दिशा में चलती है और ऐसे ही लोगों से चुनावी मदद लेती है। उन्होंने जनता से पूछा कि क्या ऐसी कांग्रेस को वे आने देंगे, कर्नाटक को बर्बाद होने देंगे और अपने भविष्य को तबाह होने देंगे?

मोदी ने कहा, ‘‘आज पूरी दुनिया लोकतंत्र और विकास को देखकर भारत को सम्मान दे रही है लेकिन रिवर्स गियर कांग्रेस दुनिया भर में घूम घूम कर देश को बदनाम कर रही है।’’ उन्होंने कहा कि आज दुनिया के हर कोने में भारत की जय-जयकार हो रही है क्योंकि लोगों ने अपने एक वोट की ताकत से दिल्ली में मजबूत और स्थिर सरकार बनाई। उन्होंने लोगों से अपील की कि देश में भी कर्नाटक की जय-जयकार हो, इसलिए इस राज्य में भी भाजपा की पूर्ण बहुमत की स्थिर और मजबूत सरकार चाहिए।

यह उल्लेख करते हुए कि भाजपा सरकार के तहत भारत प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, उन्होंने कहा कि भारत ने इस मामले में उस ब्रिटेन को पीछे छोड़ा है जिसने हमें उपनिवेश बनाया था।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह मोदी सरकार है जिसने इंग्लैंड को पीछे छोड़ दिया और पांचवें स्थान पर आ गया … मैं चाहता हूं कि आपके समर्थन से भारत अब वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में तीसरे स्थान पर पहुंचे। मुझे इस प्रयास में कर्नाटक के समर्थन की जरूरत है।’’ कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कतील और केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे सहित अन्य भाजपा नेता रैली में मौजूद थे।

इस तटीय शहर में मोदी ने मछुआरों के कल्याण और अंतर्देशीय मत्स्य पालन सहित मत्स्य पालन क्षेत्र के लिए राज्य और केंद्र की भाजपा सरकारों के विभिन्न कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र है। उन्होंने कहा कि देश में लगभग एक लाख स्टार्टअप और लगभग सौ यूनिकॉर्न हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को नीतिगत समर्थन दे रही है। हम भविष्य के लिए लाखों युवा नवोन्मेषकों को तैयार करने पर काम कर रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन का समापन भी बजरंग बली के जयकारे से किया। उन्होंने लोगों से भी ‘जय बजरंग बली’ के जयकारे लगवाए।

मालूम हो कि कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा था जिस विपक्षी पार्टी ने भगवान राम को ‘ताले में बंद’ कर दिया था, वह अब भगवान हनुमान के भक्तों को निशाना बनाना चाहती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM Narendra Modi, Congress, enemy of peace, development, masters of terror, appeasement
OUTLOOK 03 May, 2023
Advertisement