Advertisement
01 May 2020

श्रमिकों के लिए तेलंगाना से झारखंड को पहली स्पेशल ट्रेन रवाना, कल सुबह पहुंचेगी

कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने लिए लागू देशव्यापी लॉकडाउन के कारण दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासियों के लिए रेलवे ने शुक्रवार को एक विशेष ट्रेन चलाई। तेलंगाना के लिंगमपल्ली से झारखंड के हटिया तक चलने वाली इस ट्रेन में 1,200 लोग सवार हैं, जो यहां फंसे हुए थे।

यह ट्रेन आज सुबह 4:50 बजे रवाना हुई। फिलहाल अभी यही ट्रेन चलाई गई है। लॉकडाउन लागू होने के बाद पहली बार कोई यात्री ट्रेन चली है। आरपीएफ के महानिदेशक अरुण कुमार ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'तेलंगाना से झारखंड के लिए एक नॉन स्टॉप ट्रेन आज सुबह 1,200 प्रवासियों के साथ शुरू हुई। 24 कोचों वाली ट्रेन कल सुबह 11 बजे के आसपास हटिया पहुंचेगी।

लॉकडाउन के कारण देश भर में मजदूर विभिन्न स्थानों फंस गए हैं। बड़ी संख्या में मजदूर किसी भी साधन से या पैदल घर पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। इस वजह से कई मजदूरों के मरने की दुखद घटनाएं सामने आई। यही नहीं, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, दिल्ली सहित कई जगह मजदूरों का जमावड़ा दिखाई दिया और प्रदर्शन हुए।

Advertisement

रेलवे ने एक बयान जारी करके कहा कि तेलंगाना सरकार के अनुरोध और रेल मंत्रालय के निर्देश पर पर यह ट्रेन चलाई गई थी। यात्रियों की स्क्रीनिंग, सोशल डिस्टेंसिंग जैसे सभी एहतियाती उपाय सुनिश्चित किए गए थे। दक्षिण मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि ट्रेन के सभी सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई थी। यात्रियों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य है। उनके लिए भोजन की भी व्यस्था की गई है। इस ट्रेन का बीच में कहीं स्टॉपेज नहीं है।

72 बर्थ के कोच में सिर्फ 54 यात्री

सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित करने के लिए 72 यात्रियों के कोच में सिर्फ 54 यात्रियों को बिठाया गया है। कूपे में आठ के स्थान पर छह यात्री सफर कर रहे हैं। ट्रेन हटिया स्टेशन पर कल रात 11 बजे पहुंच गई थी। यात्रियों को ट्रेन में बिठाने से पहले क्वेरेंटाइन सेंटर में रखा गया था।

और स्पेशल ट्रेन चलने की संभावना

इस बीच, दिल्ली में रेलवे ने स्पष्ट किया कि अभी यह एकमात्र स्पेशल ट्रेन चलाई गई है। कोई भी अन्य ट्रेन रेलवे मंत्रालय के निर्देश और राज्यों के अनुरोध पर ही चलाई जाएगी। राजस्थान, झारखंड, बिहार, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना ने प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह प्रदेश में पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेन चलाने का अनुरोध किया है। सूत्रों ने बताया कि रेलवे ने मुख्यमंत्रियों के अनुरोध पर सूची बना ली है। श्रमिकों के लिए ट्रेन चलाई जाएंगी। इससे पहले खबर थी कि रेलवे के प्रत्येक जोन ने फंसे मजदूरों को ले जाने के लिए रेस्टोरेशन प्लान बना लिया है। हालांकि रेलवे की सामान्य सेवाएं जल्दी शुरू होने वाली नहीं है। यह संयोग ही है कि मजदूरों को ले जाने के लिए रेलवे की सेवा एक मई को मई दिवस यानी अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर शुरू हुईं।

पोर्ट ब्लेयर-चेन्नई के बीच स्पेशल शिप

अंडमान निकोबार द्वीपों में लॉकडाउन के कारण फंसे लोगों के लिए पोर्ट ब्लेयर और चेन्नई के बीच स्पेशल समुद्री जहाज चलाने का फैसला लिया गया है। अंडमान एंड निकोबार प्रशासन ने श्रमिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए समुद्री जहाज चलाने का फैसला किया है। अधिकारियों का कहना है कि पहले उन लोगों को अनुमति दी जाएगी, जिन्हें कोरोना संक्रमण का कोई लक्षण नहीं है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Lockdown, special train, Telangana, J'khand
OUTLOOK 01 May, 2020
Advertisement