Advertisement
14 May 2024

शराब घोटाला: कोर्ट ने के कविता की न्यायिक हिरासत 20 मई तक बढ़ाई

भारत राष्ट्रीय समिति की नेता के कविता की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली के एक कोर्ट ने एक्साइज पॉलिसी मामले में कविता की न्यायिक हिरासत को 20 मई तक बढ़ा दिया है।

प्रवर्तन निदेशालय ने राउज एवेन्यू कोर्ट में जांच के संबंध में दायर किए गए छठवें सप्लीमेंट्री चार्जशीट की सुनवाई को टाल दिया है।आपको बता दें कि पिछले शुक्रवार को, ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियाम (पीएमएलए) के तहत एनेग्जर के साथ लगभग 200 पन्नों की अभियोजन चार्जशीट दायर की थी।

तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी कविता के अलावा आम आदमी पार्टी के गोवा अभियान को संभालने वाली कंपनी (चेरियट प्रोडक्शंस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड) के तीन कर्मचारी, दामोदर शर्मा, प्रिंस कुमार और चनप्रीत सिंह को नए चार्जशीट में आरोपी बताया गया है। वहीं इंडिया अहेड न्यूज चैनल के एक पूर्व कर्मचारी, अरविंद सिंह का नाम भी चार्जशीट के आरोपितों की सूची में शामिल है।

Advertisement

गौरतलब है कि 15 मार्च को कविता को ईडी ने हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। केंद्रीय एजेंसी ने आरोप लगाया था कि कविता, 'साउथ ग्रुप' की एक प्रमुख सदस्य थी जिसने दिल्ली में शराब लाइसेंस के बदले आम आदमी पार्टी को 100 करोड़ रुपए का रिश्वत दिया था। हालांकि, 2021-22 के लिए दिल्ली की एक्साइज पॉलिसी नीति को खत्म कर दिया गया है।

हिंदुस्तान टाइम्स के रिपोर्ट के अनुसार, के कविता "दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति घोटाले के मुख्य साजिशकर्ता और लाभार्थी में से एक थी"।

दिल्ली के उप-राज्यपाल वी के सक्सेना ने कथित अनियमितताओं से जुड़ी सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद, ईडी ने 17 अगस्त, 2022 को दर्ज की गई सीबीआई एफआईआर का संज्ञान लेते हुए 22 अगस्त, 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर लिया। ईडी ने अब तक इस मामले से जुड़े 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 21 मार्च को गिरफ्तार किए गए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पिछले शुक्रवार को कोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Delhi excise scam, K kavita, Judicial Custody of K Kavita, Loksabha election 2024
OUTLOOK 14 May, 2024
Advertisement