Advertisement
30 March 2021

आंदोलन की मजबूती के लिए कृषि विश्वविद्यालयों में पहुंचेगा किसान मोर्चा, पहला कार्यक्रम 3 अप्रैल को लुधियाना में

FILE PHOTO

संयुक्त किसान मोर्चा ने युवाओं को आंदोलन से जोड़ने और काूननों पर चर्चा के लिए अब देश के कृषि विश्वविद्यालयों की ओर रूख करने का फैसला लिया है। इस निर्णय के तहत पहला कार्यक्रम लुधियाना के कृषि विश्वविद्यालय में तीन अप्रैल को होगा।

संयुक्त किसान मोर्चा के प्रमुख डा. दर्शनपाल ने मंगलवार को कुंडली बॉर्डर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कई बड़े लेखक अब तक अपने किताबों में यह बता चुके हैं कि आखिर क्यों नए कानून किसानों के लिए नुकसानदायक हैं। हाल ही में सरदार जोगिंद्र सिंह तूर ने अपनी किताब में साफ तौर पर कहा है कि ये कानून किस तरह से किसानों को कर्जदार और कंगाल बना देंगे। उन्होंने बताया कि किसानों को फसलों के भाव नहीं मिल रहे, जिसके कारण अब तक करीब 10 लाख के किसान खुदकुशी कर चुके हैं। जब से ये तीन काले कानून आए हैं और जहां-जहां लागू हुए हैं वहां के उदाहरण डराने वाले हैं।

एक मामले का जिक्र करते हुए डा. दर्शनपाल ने बताया कि मध्यप्रदेश में नकली व्यापारी फसल खरीद कर नकली चेक दे गए और वे चेक बाउंस हो गए। इस तरह के मामले देश में बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि किसान  पिछले चार महीनों से कम से कम समर्थन मूल्य लेने के लिए दिल्ली के बॉर्डर पर संघर्ष कर रहे हैं और अब यह आंदोलन पूरे देश में फैल गया है। अब इस जन आंदोलन की आग में मोदी सरकार को पिघलना पड़ेगा। मोदी सरकार ने किसानों की जायज मांगे माननी पड़ेंगी।

Advertisement

उन्होंने कहा कि आंदोलन को मजबूत करने के लिए अब कृषि विश्वविद्यालयों में संयुक्त मोर्चा के किसान नेता पहुंचेंगे और युवाओं के साथ चर्चा करेंगे। इस कड़ी में लुधियाना के कृषि विवि में तीन अप्रैल से शुरूआत की जा रही है। इसके बाद हरियाणा के कृषि विवि में भी इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें युवाओं के सामने देशभर की अनेक किसान एसोसिएशन कृषि कानूनों पर चर्चा करेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 30 March, 2021
Advertisement