Advertisement
11 April 2018

राष्ट्रहित में भाजपा को रोकना जरूरी: अखिलेश यादव

File Photo

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए लखनऊ में कहा कि राष्ट्रहित में इस दल को रोकना जरूरी है।

अखिलेश ने यहां पार्टी राज्य मुख्यालय में सपा नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक में आरोप लगाया कि भाजपा समाज में कांटे बोती जा रही है और वह लोकतंत्र के लिये खतरा है। यह पार्टी समाज के भाईचारे को तोड़ने और विकास के मुद्दे से ध्यान भटकाने के साथ-साथ साम्प्रदायिकता की आड़ में वोटों का ध्रुवीकरण करने की साजिश करती है।

उन्होंने कहा कि किसानों, नौजवानों और अल्पसंख्यकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही भाजपा को राष्ट्रहित में रोकना जरूरी है। इस काम में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी क्योंकि यहीं से भारत की राजनीतिक दिशा तय होगी।

Advertisement

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा से होशियार रहने और अपनी भाषा तथा व्यवहार में संयम बरतने की हिदायत दी और कहा कि अगर हम सब एकजुट रहेंगे तो आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को हरा सकते है।

सपा-बसपा के करीब आने को लेकर भाजपा नेताओं के तल्ख बयानों का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि इसे लेकर भाजपा में बौखलाहट है और वह हमारी तुलना जानवरों से करने लगी है। यह राजनीति में नैतिक मूल्यों की गिरावट का उदाहरण है।

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा के राज में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। छोटे-छोटे उद्योग-धंधे बंद हो गए हैं। जीएसटी ने व्यापार चौपट कर दिया हैं। अर्थव्यवस्था का हाल बुरा है। दस्तकारी को खतरा है। आर्थिक व्यवस्था का कारपोरेट विकल्प नहीं हो सकता है। बेरोजगार नौजवान दर-दर भटकने को मजबूर है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: bjp, sp, akhilesh yadav, samajwadi party
OUTLOOK 11 April, 2018
Advertisement