Advertisement
29 May 2023

दिल्ली में सरेआम बॉयफ्रेंड ने 16 वर्षीय लड़की को चाकूओं से गोदा और फिर पत्थऱ से कुचल कर मार डाला, बीजेपी ने कहा- 'लव जिहाद'

ANI

एक बार फिर देश की राजधानी दिल्ली से दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में रविवार को 16 वर्षीय लड़की की उसके 20 वर्षीय प्रेमी ने बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने पहले नाबालिग पर चाकू से कई वार किए और फिर पत्थर से लड़की को कुचलने के बाद कई बार लात मारी। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। आरोपी युवक साहिल को यूपी के बुलंदशहर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई युवती की हत्या से लोगों में भारी आक्रोश है। जहां दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है, वहीं भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया है कि यह घटना 'लव जिहाद' का कृत्य है।

आरोपी ने पत्थर से वार करने से पहले कथित तौर पर उस पर कई वार किए। वारदात का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वारदात के बाद दिल्ली के लोगों का हैरान कर देने वाला चेहरा भी देखने को मिला। जब साहिल लड़की पर चाकू से वार कर रहा था तो वहां से कई लोग गुजर रहे थे। वीडियो में वहां से कई लोगों को गुजरते देखा जा सकता है, लेकिन किसी ने भी लड़की की मदद नहीं की। फुटेज में नीले रंग की टी-शर्ट पहने साहिल लड़की को चाकू मारते हुए देखा जा सकता है। घटनास्थल पर करीब सात से आठ तमाशबीन मौजूद हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक शाहबाद डेयरी की जेजे कॉलोनी निवासी पीड़िता का शव बदहवास हालत मेंगली में पड़ा मिला। एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता जेजे कॉलोनी की रहने वाली थी और साहिल के साथ रिलेशनशिप में थी। शनिवार को उनके बीच झगड़ा हुआ था। रविवार को लड़की अपनी दोस्त के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में जा रही थी जब आरोपी ने उसे रास्ते में रोका और उस पर हमला कर दिया।

Advertisement

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजा बांथिया ने कहा, "लड़की को मृत लाया गया था। उसके शरीर पर कई चोट के निशान थे। उसे 20 से अधिक बार चाकू मारा गया था।" पुलिस का कहना है कि आरोपी शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह एसी और रेफ्रिजरेटर के लिए मैकेनिक का काम करता था। पीड़िता शाहबाद डेयरी की जेजे कॉलोनी की रहने वाली थी।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा "मैंने ऐसा खौफनाक मामला कभी नहीं देखा। 16 साल की लड़की का क्या कसूर था कि उसे सड़क पर बेरहमी से मार डाला गया? कई लोगों ने इसे देखा लेकिन ध्यान नहीं दिया। दिल्ली में कानून और पुलिस से कोई नहीं डरता।"

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य आप नेताओं ने उपराज्यपाल वी के सक्सेना पर हमला करते हुए कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है।

जबकि दिल्ली भाजपा ने दावा किया कि यह "लव जिहाद" का मामला था और आप को "सामान्य" हत्या और कानून और व्यवस्था के मुद्दे के रूप में "चित्रित करने की कोशिश" के लिए निंदा की।

इस घटना को "बेहद परेशान करने वाला और भयावह" बताते हुए, राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा कि इसकी अध्यक्ष रेखा शर्मा ने मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करने के लिए दिल्ली के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है। आयोग ने मामले की जांच के लिए सदस्य डेलिना खोंगडुप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है।

पुलिस उपायुक्त सुमन नलवा के मुताबिक, आगे की जांच कर रहे हैं, यह सुनिश्चित करते हुए कि आरोपी को उसके कार्यों के लिए अधिकतम सजा मिले। हर एंगल पर जांच की जाएगी। लव जिहाद के एंगल से भी जांच होगी। आरोपी की क्रिमिनल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है। पीड़ित के पिता की शिकायत पर आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि एक अनपढ़ व्यक्ति भी कभी इतना निर्दयी नहीं हो सकता कि वह किसी की इस तरह हत्या कर दे। घटना के समय मौके पर कई लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। न्यायपालिका को इस मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में ले जाना चाहिए और जल्द से जल्द फैसले की घोषणा करनी चाहिए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 29 May, 2023
Advertisement