Advertisement
18 October 2018

यूपी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का 93 साल की उम्र में निधन

File Photo

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी (एनडी तिवारी) ने आज दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में आखिरी सांस ली। 93 साल की उम्र में उनका निधन हुआ। आज ही यानी 18 अक्टूबर को उनका जन्मदिन भी था। इस संबंध में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर अपनी संवेदना व्यक्त की है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एनडी तिवारी के निधन पर शोक जताया है। उत्तराखंड सरकार ने तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है।

पूर्व मुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर लखनऊ लाया जाएगा। अगर उत्तर प्रदेश में अंतिम संस्कार होता है तो पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न कराया जाएगा। अंतिम संस्कार के दिन राज्य में एक दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है। माल एवेन्यू आरोही में उनका सरकारी आवास है। यहां अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर रखा जाएगा। 

नारायण दत्त तिवारी देश के पहले ऐसे राजनीतिज्ञ थे, जिन्हें दो-दो राज्य का मुख्यमंत्री होने का मौका मिला। वह नेहरू-गांधी के दौर के उन चंद नेताओं में थे, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में सक्रिय योगदान दिया।  उन्होंने केंद्र में वित्त, विदेश, उद्योग, श्रम सरीखे अहम मंत्रालयों की कमान भी संभाली।

Advertisement

दो राज्यों में मुख्यमंत्री बनने वाले पहले राजनेता

तिवारी का जन्म नैनीताल के बलूती गांव में 18 अक्टूबर 1925 को हुआ था। शुरुआती पढ़ाई के बाद वे इलाहाबाद यूनिवर्सिटी गए, जहां से उन्होंने राजनीति शास्त्र में एमए और फिर एलएलबी की। वह 1947 में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गए। 1947 से 1949 तक वे ऑल इंडिया स्टूडेंट कांग्रेस के सचिव रहे। एनडी तिवारी पहले ऐसे राजनीतिज्ञ थे, जो दो राज्यों में मुख्यमंत्री बनाए गए। 1976-77, 1984-85, 1988-89 तक वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। तिवारी 2002-2007 तक उत्तराखंड के सीएम रहे।

विवादों से भी रहा नाता

वयोवृद्ध कांग्रेसी नेता एनडी तिवारी का विवादों से भी नाता रहा। वह चाहे हैदराबाद में राज्यपाल के तौर पर कार्यकाल, उनके जैविक पुत्र का मामला हो या फिर अपने ही बनाए मेडिकल कॉलेज के गेट पर धरना देना हो। 

जैविक पुत्र का मामला कोर्ट तक भी पहुंचा था। यह प्रकरण लंबा खींचा। 14 मई 2014 को उन्होंने उज्ज्वला तिवारी से 88 साल की आयु में शादी की। साथ ही एनडी तिवारी ने उज्जवला के बेटे रोहित शेखर तिवारी को अपना बेटा माना था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: uttar pradesh, uttarakhand, nd tiwari, age of 93, former cm
OUTLOOK 18 October, 2018
Advertisement