Advertisement
13 March 2021

पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर मुरादाबाद में एफआईआर, पत्रकारों से पिटाई का मामला

ANI

सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। मुरादाबाद के एक होटल में पत्रकारों की पिटाई के मामले में अखिलेश के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है। अखिलेश यादव के अलावा 20 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओ पर भी मारपीट, बलवा और अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ है।  दूसरी ओर सपा जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव  ने भी पत्रकारों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

समाजवादी  पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ मुरादाबाद में केस दर्ज  होने पर संभल से पार्टी के सांसद शफीकुर्र रहमान बर्क ने  'समाचार पत्रों के खिलाफ 'हल्लाबोल' की यादें ताजा करते हुए अपने बयान में  कहा है मीडिया अपनी हदें पार न करते हुए गलती छिपाने और गलती पर पर्दा  डालने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ झूठी रिपोर्ट लिखाएंगे  तो इसे हम कतई बर्दाश्त नही करेंगे।हम मैदान में उतर कर इसका विरोध करेंगे। यह  बयान उन्होंने  अखिलेश यादव के खिलाफ मुरादाबाद  में एफ आई आर दर्ज किए जाने के तुरंत बाद में सम्भल में प्रेस कांफ्रेंस कर  दिया है ।

पुलिस अधीक्षक (देहात) विद्या सागर मिश्र  ने शनिवार को यहां बताया कि शुक्रवार को पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल  तहरीर देकर गया था।तहरीर के आधार पर शनिवार को पाकबड़ा थाने में रिपोर्ट  दर्ज कर ली गई है। दर्ज कराई गई एफआईआर में पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि  11 मार्च को मुरादाबाद के होलीडे रेजीडेन्सी में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश  यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद लॉबी में कुछ पत्रकारों ने उनसे कुछ  व्यक्तिगत सवाल पूछ लिए। इससे यादव छटपटा गए और उन्होंने अपने गार्डों और  साथियों को पत्रकारों पर हमला करने के लिए उकसा दिया। वहीं उपस्थित  सिक्योरिटी गार्डों एवं 20 से अधिक सपा कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों को घेरकर  मारापीटा और घायल कर दिया। जिसमें कई पत्रकारों को गंभीर चोटें आई  हैं।किसी तरह पत्रकारों ने टायलेट रुम और रसोई में छुप कर बामुश्किल अपने  आप को बचाया था।घटना के बारे में जानकारी मिलते ही एसपी सिटी अमित कुमार  आनंद मझोला और पाकबड़ा थाने की पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे और पत्रकारों  को सुरक्षित निकाला जा सका।घायल पत्रकार को अस्पताल में भर्ती कराया गया  था।

Advertisement

वहीं दूसरी ओर सपा जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव  ने भी पत्रकारों के खिलाफ शनिवार को ही मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने  एबीपी न्यूज के उबैद उर रहमान, न्यूज 18 के पत्रकार फरीद शम्सी के खिलाफ  धारा 160 /341/ 332/ 353/ 504/ 499/ 120 B के तहत मामला दर्ज कराया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 13 March, 2021
Advertisement