Advertisement
05 February 2023

किसानों को गुलाबी झंडा उठाकर दिखाना होगा दम, देश में परिवर्तन की सख्त जरूरत: केसीआर

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अध्यक्ष और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कहा कि किसानों की स्थिति अत्यंत खराब है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं, किसान सरकार लाकर इसे रोकना होगा। किसानों का एकजुट होना असंभव नहीं है। देश में दो लाख करोड़ किसान परिवार हैं, मजदूर परिवार को मिलाकर हम पचास पतिशत हैं, सरकार बनाने के लिए यह ताकत पर्याप्त है। एक दीप से दूसरा दीप जलाने की जरूरत है। इसलिए हर परिवार में किसान सरकार बनाने पर चर्चा होनी चाहिए। किसानों को आज सिर्फ हल नहीं चलाना है, किसानों को कलम चलाना है और उन्हें कानून बनाना आना चहिए। बीआरएस सरकार बनने पर दो वर्ष में भारी सुधार संभव है।

महाराष्ट्र के नांदेड में रविवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए  केसीआर ने घोषणा की कि बीआरएस सत्ता में आते ही देश के प्रत्येक विधान सभा में और  संसद में तैंतीस प्रतिशत सीट बढ़ाकर महिला को आरक्षण देगा। बीआरएस देश भर में सीटों का परिसीमन कर सीटें बढाकर महिला आरक्षण देगी।

सीएम ने कहा कि देश की आजादी के बाद चौवन वर्ष कांग्रेस ने हुकूमत किया, सोलह साल भाजपा ने शासन किया। इसलिए किसानों की बदहाली के लिए कांग्रेस और भाजपा कुसूरवार है। हर गांव में इसपर चर्चा होनी चहिए। जबतक किसान बिखरे रहेंगे तबतक इस लक्ष्य को हासिल करना मुश्किल है।

Advertisement

बीआरएस अध्यक्ष केसीआर ने कहा कि किसानों में जाति-विभेद पैदा कर चुनाव जीता जाता है। नेता बदलते हैं लेकिन किसानों की हालत नहीं बदलती है। देश में अमेरिका से बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की क्षमता है। लेकिन राजनीतिक इच्छाशक्ति के अभाव में किसान की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। बीआरएस को जिताने से किसानों की सभी समस्याओं का समाधान होगा। केसीआर ने कहाकि देश में एकसौ पचीस वर्ष तक खपत के लिए कोयला है, फिर भी बिजली नहीं उपलब्ध है। यह संपत्ति हमारा है। हम बंटे हैं इसलिए ऐसे हालात हैं।

केसीआर ने कहा कि भारत में पर्याप्त प्राकृतिक संपत्ति है, पानी है, भूमि है, 140 करोड़ जनता है। चीन में सोलह प्रतिशत कृषि योग्य भूमि है। भारत में 41 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि है जिसे पानी उपलब्ध कराया जा सकता है। जिंबाब्वे में विशाल जलाशय है, अमेरिका में कोलोरेडो नदी पर विशाल जलाशय है, क्या भारत में चार बड़े जलाशय बनाने की जरूरत नहीं है ताकि सूखा पड़ने पर किसानों को राहत दी जा सके।

सीएम ने कहा कि भारत में एक लाख चालीस हजार टीएमसी वर्षा होती है। सिर्फ बीस हजार टीएमसी पानी का उपयोग हो रहा है, पचास हजार टीएमसी पानी समुंदर में जा रहा है। हमारे नेता तमाशा देखते हैं। महाराष्ट्र में पानी की किल्लत क्यों है? गांव जाकर इसकी चर्चा कीजिए। मैं शिक्षक, एडवोकेट और युवाओं को निवेदन करता हूं कि इसपर विचार कीजिये। भारत के हर एकड़ में पानी दिया जा सकता है।

बीआरएस अध्यक्ष ने कहा कि आठ वर्ष पहले तेलंगाना में बिजली नहीं मिलती थी। पीने का पानी और सिंचाई का पानी नहीं था। आठ साल के कड़ी मिहनत से आज चौबीस घंटे बिजली तेलंगाना में उपलब्ध है। किसान को चौबीस घंटे फ्री बिजली देते हैं। कोई पूछने वाला नहीं है कि क्यों चार मोटर लगाया है। सत्तर लाख किसानों को बीमा सुविधा दिया गया है। सात हजार खरीददारी केन्द्र है, किसानों के सभी अनाज तेलंगाना सरकार खरीदती है। रायतु बंधु के तहत किसान को दस हजार रूपए प्रति एकड़ प्रति वर्ष दिया जाता है। अगर यह तेलांगाना में संभव है तो महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और सभी राज्यों में क्यों संभव नहीं? किसानों को आज सिर्फ हल नहीं चलाना है, किसानों को कलम चलाना है और कानून बनना आना चहिए। खुद बन जाओ आमदार खुद बन जाओ खासदार। जब भी चुनाव आता है तो पार्टी या नेता जीतता हैकिसान हारता है। अब किसान को जीतना चाहिए।

केसीआर ने कहा कि मेक इन इंडिया जुमला बन गया है। हर शहर में चाइना बाजार लगता है। हर शहर में खिलौना, पटाखे, होली के रंग, गणेश मूर्त्तियां व राष्ट्र ध्वज चीन से आता है। उन्होने कहा कि महाराष्ट्र के सभी विधान सभा क्षेत्र में किसान समिति बनाने का काम दस दिनों में शुरू हो जाएगा। फिर उत्तर, पश्चिम महाराष्ट्र और विदर्भ भ्रमण करूंगा। आगामी जिला परिषद चुनाव में ताकत दिखाएं। 

एलआईसी का पुन: राष्ट्रीयकरण करेंगे

 देश में बीआरएस की सरकार आने पर विधान सभा और लोक सभा में तैंतीस प्रतिशत सीट बढाकर महिलाओं को आरक्षण दिया जाएगा: केसीआर

महिलाओं को शासक बना देंगे 

भारत राष्ट्र समिति मिशन मोड में काम करेगी। इसका दस्तावेज तैयार किया जा रहा है। हम एक लोक सभा चुनाव जीतने या दो सीट जीतने नहीं आ रहे हैं। देश के राजनीतिक विचारधारा में परिवर्तन की जरूरत है। केसीआर ने कहा कि बीआरएस के सत्ता में आने पर महिलाओं को शासक बना देंगे। देश की महिला नीति में आमूलचूल परिवर्तन की जरूरत है।

चंद्रशेखर राव ने कहा कि देश में महिला नीति को परिवर्तित करने की जरूरत है। बीआरएस के सत्ता में आने पर महिलाओं को शासक बना दिया जाएगा। छह महीने में संसद और विधान सभा सीटों का परिसीमन कर एक तिहाई सीट बढ़ा दिया जाएगा। केसीआर ने कहा कि देश की आर्थिक नीति को बदलने की जरूरत है। छोटे लोगों से कर वसूलना और बड़े लोगों को लाभ देना उचित नहीं है। चीन से बाहर निकलने वाली कंपनीभारत नहीं आ रही है। फाइजर कंपनी को भारत नहीं आने दिया। हकीकत में इज ऑफ डूइंग है कि नहीं? भारत में सिंगापुर की तरह आर्थिक नीति की जरूरत है। एलआईसी का पुन: राष्ट्रीयकरण करेंगे, इसके लिए संघर्ष करेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 05 February, 2023
Advertisement