Advertisement
28 October 2022

‘महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के कारण सीखना चाहिए मार्शल आर्ट, आत्मरक्षा के हुनर से लैस होना जरूरी’

file photo

देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के कारण उनका आत्मरक्षा के हुनर से लैस होना जरूरी है। इसीलिए महिलाओं को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग लेनी चाहिए। यह कहना है है देश में मार्शल आर्ट में सर्वाधिक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाली पहली महिला किरण देवोली उनियाल का।

उनका कहना है कि महिला सशक्तिकरण के दौर में आज सबसे बड़ी चुनौती है स्त्रियों की सुरक्षा, और इस चुनौती से निपटने का सबसे अच्छा तरीका है- आत्मरक्षा का हुनर सीखना। उत्तराखंड निवासी किरण देवोली उनियाल, करीब एक दशक से मार्शल आर्ट के जरिये महिलाओं को सेल्फ डिफेंस के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनका कहना है कि देश की महिलाओं को फिट रखना और सेल्फ डिफेंस के लिए तैयार करना ही उनका पहला मकसद है। मार्शल आर्ट को नियमित व अनुशासित प्रशिक्षण के साथ किसी भी उम्र में सीखा जा सकता है।

अब तक 35 वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी 49 वर्षीय किरण देवोली कहती हैं कि- "मैं चाहती हूं कि हर महिला सेल्फ डिफेंस सीखे और खुद को सशक्त बनाए ताकि हम किसी भी असुरक्षित स्तिथि का मुकाबला कर सकें।" उनियाल आज भी रोजाना तीन से चार घंटे मार्शल आर्ट की प्रैक्टिस करती हैं। रिकॉर्ड बनाने के लिये उन्होंने स्टैमिना, स्पीड और स्किल पर काम किया। वे कहती हैं कि जब वे इस उम्र में इतना कुछ सीख सकती हैं, तो  आज की युवतियां को भी इस ओर ध्यान देना चाहिए। वे बताती हैं कि कोरोना काल में जब सब कुछ बंद हो गया था, तब भी उन्होंने अपनी प्रैक्टिस नहीं  छोड़ी। तब उनके पति और बेटे ने मार्शल आर्ट के अभ्यास में उनकी सहायता की। उन्हे हमेशा अपने पति कर्नल सुनिल कुमार उनियाल, पूर्व आर्मी अधिकारी का सहयोग मिलता रहा है, जो खुद भी एक मैराथन धावक हैं।

Advertisement

मार्शल आर्ट में किरण देवोली उनियाल ने स्पीड एलबो/पंच स्ट्राइक और किक स्ट्राइक में 13 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक 23 अप्रैल 2022 को किरण देवोली उनियाल ने महिला श्रेणी में तीन मिनट (सिंगल एल्बो) में 579 फुल कॉन्टैक्ट एल्बो स्ट्राइक का रिकॉर्ड बनाया है। यह रिकॉर्ड उन्होंने एक पाकिस्तानी महिला का तोड़ा है। इससे पहले 9 अप्रैल 2022 को उन्होंने महिलाओं की  श्रेणी के अंतर्गत एक मिनट में सबसे पूर्ण संपर्क पंच स्ट्राइक 1 किलो वजन के साथ  590 किए।  वह यह रिकॉर्ड बनाने वाली पहली महिला हैं।  आज की तारीख में किरण देवोली उनियाल के नाम कुल 35 वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिनमें से अकेले 26 मार्शल आर्ट्स में हैं।  

वह बताती हैं कि शुरू से ही खेलों में उनकी दिलचस्पी रही है और बचपन में जब ब्रूसली की फिल्में देखीं तो मार्शल आर्ट ने खासा आकर्षित किया। लिहाजा कॉलेज के दिनों में चंडीगढ़ में ताइक्वांडो ज्वाइन कर लिया और शादी के बाद पति की सेना में अलग-अलग जगहों पर तैनाती के कारण कई तरह के स्पोर्ट्स सीखने का मौका मिला। बेटे का साथ देने के लिए 22 साल बाद दोबारा प्रैक्टिस शुरू की और ब्लैक बैल्ट थर्ड डैन अर्जित की। इजराइली युद्ध कला 'क्राव मागा' के अलावा मार्शल आर्ट की कई विधाएं सीखीं और मार्शल आर्ट इंस्ट्रक्टर का कोर्स भी किया। किरण के मुताबिक उनकी 100 फीसदी दिव्यांग बेटी उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है, जिसने उन्हें मुस्कान और धैर्य के साथ जीवन में चुनौतियों का सामना करना सिखाया है। समाज सेवा के लिए भी वे उनकी प्रेरणास्रोत हैं।

किरण आज नई पीढ़ी के लिए आदर्श हैं। किरण समाज सेवा में भी सक्रिय रहती हैं। यही वजह है कि मार्शल आर्ट के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी उनके नाम कई वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं, जो कि उन्होंने ब्लड डोनेशन, कैंसर जागरुकता और स्वच्छता अभियान, आदि के क्षेत्र में हासिल किए हैं। वह व्यक्तिगत रूप से मानती हैं कि नैतिक मूल्य, आपसी सम्मान, सुरक्षा सावधानियां और आत्मरक्षा महिलाओं के खिलाफ अपराधों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 28 October, 2022
Advertisement