Advertisement
09 April 2020

24 घंटों में कोरोना के 549 नए मामले, चुनौतियों से निपटने में रेलवे कर रहा है मददः स्वास्थ्य मंत्रालय

ANI

देश और दुनिया में कोरोनावायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 17 मौतें हुई हैं और 549 नए मामले सामने आए हैं। वहीं,अब तक कुल 166 लोगों की जान कोरोना वायरस के कारण जा चुकी है। कोरोना की जांच को लेकर काम हो रहा है। 10 टीमों को 9 राज्यों में भेजा गया है। रेलवे चुनौतियों से निपटने में मदद कर रहा है। रेलवे ने 80 हजार आइसोलेशन बेड बनाए हैं।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि रेलवे ने 3,250 डिब्बों को आइसोलेशन यूनिट में तब्दील किया है, कुल 5,000 डिब्बों को तब्दील किया जाएगा। रेलवे ने 2,500 से अधिक डॉक्टरों और 35,000 पैरामेडिक्स कर्मचारियों को तैनात किया है। 586 स्वास्थ्य यूनिट्स की उनकी श्रृंखला, 45 उप-मंडल अस्पताल, 56 मंडल अस्पताल, 8 उत्पादन इकाई अस्पताल और 16 क्षेत्रीय अस्पताल अपनी महत्वपूर्ण सुविधाओं के साथ कोविड-19 से लड़ने के लिए समर्पित हैं।

पीपीई की आपूर्ति हुई शुरू

Advertisement

उन्होंने कहा कि पीपीई, मास्क और वेंटिलेटर की आपूर्ति अब शुरू हो गई है। भारत में 20 घरेलू निर्माताओं को पीपीई के लिए तैयार किया गया है, 1.7 करोड़ पीपीई के ऑर्डर दिए गए हैं और आपूर्ति शुरू हो गई है। 49,000 वेंटिलेटर का आर्डर दिया गया है। संयुक्त सचिव ने कहा कि एडॉप्ट ए फैमिली ’अभियान के तहत, करनाल (हरियाणा) में 13 हजार जरूरतमंद परिवारों को 64 लाख रुपये की मदद दी जा रही है।

आइसीएमआर के मुताबिक, 1,30,000 नमूनों की अब तक जांच की गई है। इनमें से 5,734 नमूनों की जांच रिपोर्ट प़ॉजिटिव आई है। पिछले एक से डेढ़ महीने के बीच पॉजिटिविटी रेंज 3 से 5 प्रतिशत के बीच रही है। इसमें ज्‍यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है।

ओडिशा ने 30 अप्रैल तक बढ़ाया लॉकडाउन

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। इससे पहले लॉकडाउन की अवधि 14 अप्रैल तक थी। इसके साथ ही केन्द्र सरकार से भी मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ाने के लिए आग्रह किया है। पूरे देश में 21 दिन के लॉकडाउन का पीएम मोदी ने ऐलान किया था, लेकिन कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, दूसरे राज्य भी लॉकडाउन बढ़ाने की बात कर रहे हैं।

महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा मौतें

देश में कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए हॉटस्पॉट रणनीति के तहत तमाम क्षेत्रों को सील कर दिया गया है। कोरोना के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से सामने आए हैं। महाराष्ट्र में अब तक 72 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि राज्य में कोविड-19 संक्रमण के अब तक 1,135 मामले सामने आए हैं। वहीं मध्य प्रदेश में सिर्फ बुधवार को 51 नए मामले आए हैं। इसी के साथ कोविड-19 संक्रमितों की संख्या 341 हो गई है जबकि मरने वालों की संख्या 21 है। इससे इतर गुजरात में भी कोरोना से मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। जबकि राज्य में कुल 186 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 09 April, 2020
Advertisement