Advertisement
22 December 2020

लंदन से दिल्ली आई फ्लाइट के 5 यात्री पाए गए कोरोना पॉजिटिव, दो हफ्ते पहले लौटे लोगों का होगा टेस्ट

FILE PHOTO

ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन सामने आया है, जिसने वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन समेत पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। लंदन से सोमवार की रात दिल्ली आये पांच यात्री कोरोना से संक्रमित पाये गये हैं। सूत्रों ने बताया कि ये यात्री कल रात एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 162 से दिल्ली आये थे। अनिवार्य आरटीपीसीआर जाँच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गयी है। इस उड़ान में 250 से अधिक यात्री थे। वहीं,दिल्ली सरकार ने भी फैसला किया है कि पिछले 2 हफ़्ते में जितने भी लोग यूके से दिल्ली में आए हैं, उन सब को घर-घर जाकर चेक किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक लंदन से कल रात को आई एयर इंडिया की फ्लाइट में केबिन क्रू समेत कुल 266 यात्री आये थे। इन सभी यात्रियों का आरटी-पीसीआर टेस्ट कराया गया था। सभी पॉजिटिव यात्रियों को दिल्ली सरकार के सरदार वल्लभ भाई पटेल कोविड केयर सेंटर में भेज दिया गया है। प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक पॉजिटिव आए लोगों के सैम्पल्स कलेक्ट करके आगे की रिसर्च के लिए भेजा गया है। जबकि शेष की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक टेस्ट में निगेटिव आए सभी यात्रियों को 7 दिन अनिवार्य होम क्वॉरन्टीन में रहना होगा। डिस्ट्रिक्ट ऑफिस में यात्रियों की सारी जानकारी साझा की जाएगी। यात्रियों की रोज़ाना मॉनिटरिंग होगी और क्वॉरन्टीन के छठें दिन इन सभी का टेस्ट दोबारा किया जायेगा।

Advertisement

वहीं,दिल्ली सरकार ने भी फैसला किया है कि पिछले 2 हफ़्ते में जितने भी लोग यूके से दिल्ली में आए हैं, उन सब को घर-घर जाकर चेक किया जाएगा। आज से इस पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है। सरकार से मिली जानकारी के मुताबिक ऐसे लोगों की संख्या करीब 6-7 हज़ार हो सकती है।

ब्रिटेन में कोविड-19 के नये स्ट्रेन का संक्रमण फैलने के बाद सरकार ने वहाँ से आने वाली उड़ानों के देश में उतरने पर 31 दिसंबर तक के लिए अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है जो आज राज 11 बजकर 59 मिनट के बाद प्रभावी होगा। नागर विमानन महानिदेशालय ने सोमवार को इस संबंध में सर्कुलर जारी किया था।

एयरलाइंस को अपने विमानों को हब तक लाने के लिए आज रात 11 बजकर 59 मिनट तक का समय दिया गया था। इन उड़ानों में आने वाले सभी यात्रियों के लिए देश आते ही हवाई अड्डे पर आरटी-पीसीआर जाँच अनिवार्य किया गया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 22 December, 2020
Advertisement