Advertisement
07 September 2021

नागपुर कॉलेज के 11 MBBS स्टूडेंट्स कोरोना संक्रमित, मेयर किशोरी पेडनेकर बोलीं- आ चुकी है मुंबई में कोविड की तीसरी लहर

ANI

नागपुर कॉलेज के 11 एमबीबीएस स्टूडेंट्स कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। ये खबर ऐसे समय पर आई हैं जब मुंबई नगर निगम ने चेताया है कि अगले 15 दिन बहुत अहम साबित होने वाले हैं। डर है कि त्‍योहारों के चलते एक बार फिर से कोराना महामारी मुंबई को अपनी गिरफ्त में ले सकती है। मंगलवार को मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने भी कुछ इसी तरह की चिंता जताते हुए कहा कि कोरोना की तीसरी लहर के बारे में बात करना बेकार है क्‍योंकि तीसरी लहर आ चुकी है। दूसरी लहर के दौरान भी मुंबई में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले देखने को मिले थे, कई लोगों ने अपनी जान गंवाई थी।

कोरोना महामारी मुंबई में फिर से हाथ से बाहर होती जा रही है। ऐसी खबरें हैं कि औसत साप्‍ताहिक मामलों में तकरीबन 19 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई है। कोरोना के बढ़ते मामलों से लोग इसलिए भी परेशान हैं कि मुंबई में 10 सितंबर से शुरू होने वाले गणेश चतुर्थी समारोह की तैयारियां भी चल रही हैं। अडिशनल म्‍यूनिसिपल कमिश्‍नर सुरेश काकनी ने बताया, 'यह महीना हमारे लिए अहम है। इस समय लोग दस दिन के गणपति उत्‍सव को मनाने बाहर निकल रहे हैं। ये लोग प्रतिमा विसर्जन के बाद ही घर में रुकेंगे। इस ल‍िहाज से अगले 15 दिन हमारे लिए बहुत अहम हैं।'

मुंबई पुलिस ने त्‍योहारों के पहले 'स्‍पेशल 13' स्‍क्‍वॉड नाम का अभियान शुरू किया ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि इस दौरान लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। पिछले साल भी कोरोना की वजह से गणपति उत्‍सव पर मुंबई में पाबंदियां लगाई गई थीं। मुंबई में सोमवार को 379 नए कोरोना मरीज आए और 5 मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही मरीजों की संख्‍या 7,46,725 हो गई और मरने वालों का आंकड़ा 15,998 तक पहुंच गया। सितंबर के पहले छह दिनों में शहर में अब तक 2500 से ज्‍यादा केस आ चुके हें। यह अगस्‍त में दर्ज किए गए मामलों का 28 पर्सेंट हैं।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: MBBS, students, Nagpur, corona, Mayor, Kishori Pednekar, Mumbai
OUTLOOK 07 September, 2021
Advertisement