Advertisement
22 April 2023

आज देशभर में मनाई जा रही ईद: राष्ट्रपति मुर्मू-प्रधानमंत्री मोदी-राहुल गांधी समेत तमाम नेताओं ने दी मुबारकबाद

देशभर में आज धूमधाम के साथ ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद-उल-फितर की ईद की बधाई दी है। राष्ट्रपति भवन द्वारा शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि ईद रमजान के पवित्र महीने के अंत का प्रतीक है। ईद प्यार और करुणा की भावनाओं को बांटने का त्योहार है। त्योहार हमें एकजुटता और आपसी सद्भाव का संदेश देती है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने ईद-उल-फित्र की पूर्व संध्या पर नागरिकों को बधाई दी है। उन्होंने सभी से भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लेने के लिए कहा है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि ईद सद्भाव की भावना से ओत प्रोत है, जो शांतिपूर्ण और समृद्ध समाज बनाने के लिए हमें प्रेरित करता है। भारत की पहली महिला ने कहा कि मैं भारत और विदेशों में रहने वाले सभी नागरिकों को विशेष रूप से हमारे मुस्लिम भाइयों और बहनों ईद-उल-फितर की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।

साथ ही, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को ईद की शुभकामनाएं दीं। मोदी ने हसीना की तारीफ करते हुए कहा कि उनके व्यक्तिगत प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत और बांग्लादेश के बीच बहुपक्षीय साझेदारी आधारित संबंध दुनिया में ‘पड़ोसी देशों के रिश्तों के लिए आदर्श’ बन गये हैं। मोदी ने हसीना के लिए अपने संदेश में कहा, ‘‘भारत की जनता की ओर से मैं आपको और बांग्लादेश के नागरिकों को ईद की मुबारकबाद देता हूं।’’

Advertisement

शुक्रवार को पीएम मोदी ने दुनिया भर के लोगों के लिए शांति, स्वास्थ्य और खुशी की कामना की है। पीएम ने कहा कि भारत के लोगों की ओर से मैं आपको और बांग्लादेश की जनता को ईद की बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रमजान के दौरान, दुनिया भर के मुसलमानों ने उपवास और प्रार्थना की है। ईद-उल-फितर के शुभ अवसर पर दुनिया के लोग एकता के मूल्यों को महसूस कर रहे हैं ।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ईद की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि सभी देशवासियों को ईद-उल-फितर की मुबारकबाद।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर देशवासियों को ईद की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सभी को ईद मुबारक! यह शुभ त्योहार सभी के लिए शांति, खुशी और समृद्धि लाए।

ईद-उल-फितर के मौके पर दिल्ली की जामा मस्जिद में लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। ईद-उल-फितर के मौके पर दिल्ली की जामा मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद लोग एक-दूसरे को गले मिले।

बता दें कि ईद के कारण 22 अप्रैल को राष्ट्रपति भवन में चेंज ऑफ गार्ड समारोह नहीं होगा। यह सैन्य परंपरा है, जो राष्ट्रपति भवन में हर सप्ताह आयोजित की जाती है। राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि ईद के कारण राजपत्रित अवकाश के कारण इस शनिवार (22 अप्रैल, 2023) राष्ट्रपति भवन में चेंज ऑफ गार्ड समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Eid, President Droupadi Murmu, Prime Minister Narendra Modi, Rahul Gandhi, Congratulated
OUTLOOK 22 April, 2023
Advertisement