Advertisement
29 August 2024

पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी में डीटीसी बस में लगी आग, सभी 50 यात्री सुरक्षित

पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में बृहस्पतिवार को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक बस में आग लगने से वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे जो पूरी तरह सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बस में आग लगने के तुरंत बाद सभी यात्रियों को बचा लिया गया, जिससे हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारी अनूप सिंह ने कहा कि सुबह 9:42 बजे फोन के माध्यम से सूचना मिली और आग बुझाने के लिए तीन दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया।

सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण वाहन के ‘एयर कंडीशनिंग सिस्टम’ में ‘शॉर्ट सर्किट’ होने का संदेह है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि घटना के समय डीटीसी की बस सीमापुरी जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शी सुरेंद्र भोला ने बताया कि एक मोटरसाइकिल सवार ने बस के इंजन से धुआं निकलता देखा और बस चालक को इसकी जानकारी दी। चालक ने तुरंत बस रोक दी तथा यात्रियों को उतरने के लिए कहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में 50 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।

डीएफएस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के कारण जगतपुरी यातायात बत्ती के पास भारी जाम लग गया, जिससे अन्य यात्रियों को भी परेशानी हुई। बाद में यातायात पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: DTC Bus accident, DTC Bus fire, Delhi transport corporation, Delhi
OUTLOOK 29 August, 2024
Advertisement