Advertisement
28 December 2023

नागपुर में 28 दिसंबर की रैली से कांग्रेस फूंकेगी चुनावी बिगुल, खड़गे और सोनिया गांधी होंगी शामिल

कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के नागपुर शहर में बृहस्पतिवार को एक विशाल रैली के जरिये अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी। कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर इस रैली ‘हैं तैयार हम’ का आयोजन होगा। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को रैली स्थल पर संवाददताओं को संबोधित करते हुये कहा, ‘‘देश के लोगों के लिये यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए बदलाव का संदेश देगी।

पार्टी के नेताओं के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस रैली को संबोधित करेंगे।  यह रैली इस मायने में महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका आयोजन नागपुर में हो रहा है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय और ऐतिहासिक स्थल ‘दीक्षाभूमि’ स्थित है। दीक्षाभूमि में डॉ. बी आर आंबेडकर ने बौद्ध धर्म अपनाया था।

नागपुर से कांग्रेस विधायक नितिन राउत ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हैं तैयार हम’ थीम के साथ यह रैली पूरे देश में एक अच्छा संदेश देगी। कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए बिगुल बजाएगी।’’ पार्टी नेताओं के अनुसार, नागपुर के दिघोरी में इस रैली के लिए जोरदार तैयारी चल रही है, जहां लाखों लोग और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

Advertisement

पटोले ने कार्यक्रम स्थल पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब भी देश पर संकट आया, कांग्रेस आगे आई और देश में एक बड़ा बदलाव आया।’’ उन्होंने दावा किया कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और लोकतंत्र के चारों स्तंभ खतरे में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इन व्यवस्थाओं को बरकरार रखना कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के स्थापना दिवस पर कल (बृहस्पतिवार) नागपुर में भाजपा की अत्याचारी और अहंकारी सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लेकर बदलाव का संदेश दिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आपातकाल के बाद (तत्कालीन प्रधानमंत्री) इंदिरा गांधी ने नागपुर में जनसभा की थी, और कांग्रेस को विदर्भ की सभी सीटों पर जीत मिली थी ।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘इतिहास अपने आपको दोहरायगा और देश में एक बड़ा परिवर्तन होगा।’’ पटोले ने यह भी कहा कि राहुल गांधी 14 जनवरी से मणिपुर से पश्चिम भारत में मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ शुरू करेंगे। कांग्रेस विधायक राउत ने कहा कि पार्टी ने अपनी विचारधारा और सोच के कारण रैली के लिए नागपुर को चुना है। उन्होंने कहा, एक तरफ संघ की विचारधारा है और दूसरी तरफ संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की विचारधारा है, जो कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ी हुई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Nagpur congress rally, Mallikarjun khadge, Sonia Gandhi, RSS headquarter, BJP, Loksabha election 2024
OUTLOOK 28 December, 2023
Advertisement