Advertisement
01 April 2022

बिहार नहीं छोड़ेंगे नीतीश कुमार: राज्यसभा में जाने की अटकलों को जदयू ने किया खारिज, कही ये बड़ी बात

बीते कुछ दिनों से चर्चा गर्म है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बन सकते हैं या राज्यसभा में जा सकते हैं, लेकिन शुक्रवार को उनकी पार्टी जदयू ने इस खबर को सिरे से खारिज कर दिया है। बिहार के मंत्री व जदयू नेता संजय झा ने कहा कि ये अफवाह और शरारत है। ये बातें सचाई से परे है।

संजय कुमार झा ने यह भी कहा कि उन्हें इस अफवाह पर आश्चर्य हो रहा है कि नीतीश कुमार राज्यसभा में जाने पर विचार कर रहे हैं! उन्हें बिहार की सेवा का जनादेश मिला है। वह मुख्यमंत्री के पूरे कार्यकाल में जनता की सेवा करते रहेंगे। नीतीश कुमार कहीं नहीं जा रहे हैं।

झा ने कहा कि नीतीश कुमार 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए का सीएम चेहरा रहे हैं और जनता ने गठबंधन को सरकार बनाने का जनादेश दिया। बिहार सरकार में मंत्री और जेडीयू नेता संजय कुमार झा ने इस मामले में ट्वीट कर इस अफवाह पर विराम लगाया।

Advertisement

इससे पहले बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गुरुवार को संकेत दिया कि मुख्यमंत्री पद की कुर्सी छोड़ कर नीतीश कुमार के दिल्ली जाने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। दरअसल, नीतीश कुमार की एक हालिया टिप्पणी से अटकलें लगाई जा रही कि वह उपराष्ट्रपति बनाए जा सकते हैं। उनके कमेंट के बारे में पूछे जाने पर आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने कहा कि उन्हें जाना ही चाहिए, सभी लोग चाहेंगे कि वो चले जाएं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक अनौपचारिक बातचीत में नीतीश कुमार ने एक कमेंट कहा था कि वह राज्य विधानमंडल में दोनों सदनों और लोकसभा के सदस्य रहे और राज्यसभा में एक कार्यकाल से उनका राजनीतिक सफर पूरा हो जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bihar, Bihar Politics, Sanjay Kumar Jha, Bihar Chief Minister Nitish Kumar, Rajya Sabha
OUTLOOK 01 April, 2022
Advertisement