Advertisement
28 July 2023

फिल्मकार राम कमल मुखर्जी रुक्मिणी मैत्रा को करेंगे महाभारत पर आधारित फिल्म में निर्देशित

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फिल्मकार राम कमल मुखर्जी अभिनेत्री रुक्मिणी मैत्रा को अपनी अगली फिल्म में निर्देशित करते हुए नजर आएंगे। यह फिल्म बिनोदनी - एकती नातिर के बाद दूसरा मौका होगा, जब दोनों कलाकार साथ में काम करेंगे। दोनों की फिल्म बिनोदनी - एकती नातिर, बंगाली रंगकर्मी बिनोदनी दासी पर आधारित थी।  

देव एंटरटेनमेंट वेंचर और प्रमोद फिल्म एक बार फिर साथ आकर महाभारत की कहानी को बड़े पर्दे पर प्रदर्शित करने जा रहे हैं। निर्माताओं का दावा है कि यह फिल्म बंगाली सिनेमा इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी। 

फिल्म में मुख्य भूमिका रुक्मिणी मैत्रा निभाएंगी और निर्देशन राम कमल मुखर्जी का होगा। यह फिल्म लेखिका प्रतिभा राय के उड़िया भाषा के उपन्यास यजनासेनी पर आधारित है। फिल्म को लेकर लेखिका प्रतिभा राय ने कहा कि उन्हें बहुत प्रसन्नता हुई जब राम कमल मुखर्जी ने कहानी के लिए संपर्क किया। यदि आज कोई महाभारत पर फिल्म बनाना चाहता है तो यह हर्ष का विषय है। प्रतिभा राय ने बताया कि उनकी किताब यजनासेनी महाभारत की कहानी को द्रौपदी के दृष्टिकोण से कहती है। प्रतिभा राय ने भरोसा जताया कि राम कमल मुखर्जी उनकी कृति के साथ पूरा न्याय करेंगे। 

Advertisement

फिल्म के निर्माताओं ने भी फिल्म को लेकर अपनी राय रखी। निर्माता देव अधिकारी ने कहा कि बिनोदनी में शानदार काम करने के बाद हमें राम कमल मुखर्जी और रुक्मिणी मैत्रा की अद्भुत क्षमता पर और अधिक यकीन हो गया। इसलिए जब उन्होंने द्रौपदी पर आधारित फिल्म बनाने का विचार साझा किया तो मैं तैयार था। इसी तरह निर्देशक प्रतीक चक्रवर्ती ने कहा कि महाभारत को कई बार लोगों ने अपने ढंग से बनाने का प्रयास किया है। मैं राम कमल के साथ बिनोदनी में काम करने के बाद जान चुका हूं कि वह मास्टर फिल्मकार है। इसी भरोसे पर द्रौपदी की शुरुआत हुई है। मुझे यकीन है कि द्रौपदी के साथ हमारा फिल्ममेकिंग का ग्राफ और अधिक ऊंचाई हासिल करेगा। 

अभिनेत्री रुक्मिणी मैत्रा भी नई फिल्म को लेकर उत्साहित नजर आईं। उन्होंने कहा "राम कमल मुखर्जी के साथ काम करना हमेशा सुखद होता है क्योंकि वह चुनौतीपूर्ण किरदार को भी कलाकार के लिए सरल बना देते हैं। द्रौपदी के किरदार को निभाना मेरे लिए सौभाग्य का विषय है। हालांकि इस किरदार को जीवंत करने में बहुत मेहनत लगेगी मगर मैं तैयार हूं "। 

इस मौके पर फिल्मकार राम कमल मुखर्जी ने निर्माताओं का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने लेखिका प्रतिभा राय को भी सहयोग के लिए धन्यवाद कहा इसके साथ ही वह रुक्मिणी मैत्रा के साथ काम करने को लेकर प्रसन्न दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म बंगाली सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Filmmaker Ram Kamal mukherji, Ram Kamal mukherji to make magnum opus with Rukmini maitra, film based on Mahabharata by Ram Kamal mukherji, Rukmini maitra film on Draupadi, Indian films, Indian cinema, Entertainment Hindi films news, Indian movies, Be
OUTLOOK 28 July, 2023
Advertisement