Advertisement
23 June 2018

कौन हैं निक जोनस, जिनके साथ प्रियंका चोपड़ा के अफेयर की चल रही अफवाह

twitter

अक्सर अपने पहनावे और एक्टिंग के लिए सुर्खियों में बनी रहने वाली राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अफेयर की खबरों को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस के लव लाइफ को लेकर इन दिनों चर्चाएं जोरों पर हैं। 

प्रियंका चोपड़ा कई जगह निक जोनस के साथ स्पॉट की गई हैं। प्रियंका चोपड़ा अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भारत’ के लिए इंडिया तो लौट आई हैं, लेकिन प्रियंका चोपड़ा के साथ उनके कथित ब्वॉयफ्रेंड निक जोनस भी इंडिया आ पहुंचे हैं। जिसके बाद प्रियंका और जोनस की ताजा तस्वीर मुंबई में एक ही कार से उतरते हुए कैमरे में कैद की गई। 

Advertisement

निक जोनस के साथ कई बार स्पॉट की गईं प्रियंका

पिछले दिनों भी सोशल मीडिया पर प्रियंका चोपड़ा के साथ हॉलीवुड स्टार निक जोनस की फोटो सामने आने के बाद इन दोनों के बीच अफेयर की खबरें सामने आने लगी थीं। इससे पहले एक वीडियो सामने आया था जिसमें प्रियंका-निक जोनस के साथ बॉलीवॉल मैच का मजा लेते कैद हुई थीं।

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस कभी मशहूर डॉजर्स स्टेडियम में तो कभी बोट पार्टी में और डिनर डेट पर कई जगह एक साथ नजर आए, जिसके बाद यह खबर आग की तरह फैल गई कि प्रियंका चोपड़ा निक जोनस को डेट कर रही हैं इसी के साथ अब सवाल आखिर ये उठता है कि ये हॉलीवुड स्टार निक जोनस आखिर हैं कौन?

निक जीत चुके हैं यंग हॉलीवुड आर्टिस्ट ऑफ द इयर का खिताब

निक जोनस, का असली नाम है निकोलस जेरी जोनस है। निक का जन्म साल 1992 में टेक्सास के डलास में हुआ था। जोनस ने एक्टिंग के साथ-साथ अपने सिंगिंग के करियर को भी आगे बढाया है। इतना ही नहीं ब्यूटी एंड द बीस्ट में प्रदर्शन करने के साथ-साथ निक जोनस ने ‘जॉय टु द वर्ल्ड’ (ए क्रिसमस प्रेयर) नाम का एक गाना भी लिखा था। जोनस जुमांजी वेलकम टू जंगल, कैंप रॉक, किंगडम जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। निक जोनस हॉलीवुड अवॉर्डस में यंग हॉलीवुड आर्टिस्ट ऑफ द इयर का खिताब हासिल कर चुके हैं।

अमेरिकी पॉप सिंगर हैं निक जोनस

निक सिंगर होने के साथ-साथ एक एक्टर भी हैं। उन्होंने बचपन में कई नाटकों में काम किया था। निक के मशहूर नाटक ए क्रिसमस कैरोल, ऐनी गेट योर गन, ब्यूटी ऐंड द बीस्ट और लेस मिजरेबल्स रहे। निक की तरह उनके पैरेंट्स भी कला क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।

साल 2002 में निक ने गायन के क्षेत्र में कदम रखा

उनके पिता गीतकार और संगीतकार है जबकि माता साइन लैंग्वेज की टीचर रह चुकी हैं। निक अपने पिता के साथ मिलकर एक गाने को लिखने के बाद संगीत के क्षेत्र में उतरे। साल 2002 में निक ने गायन की दुनिया में कदम रखा और अपना पहला गाना गाया। निक का पहला गाना ‘जॉय टु द वर्ल्ड’ था जिसे उन्होंने खुद लिखा था।

जोनस ब्रदर्स नाम से बनाया एक बैंड

जोनस ने अपने भाईयों के साथ मिलकर जोनस ब्रदर्स नाम से एक बैंड बनाया और इस बैंड के साथ 4 एलबम रिलीज किए। इन सभी एलबम्स को खूब पसंद किया गया। साल 2008 में, इस ग्रुप को 51वां ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए बेस्ट न्यू आर्टिस्ट अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट भी किया गया था। जोनस ब्रदर्स अमेरिकी म्यूजिक अवॉर्ड्स में अवॉर्ड फॉर ब्रेकथ्रू आर्टिस्ट भी जीत चुका है। इसके बाद जोनस अमेरिकी पॉप म्यूजिक दुनिया की मशहूर हस्ती बन गए थे।

जोनस से पहली बार यहां मिली थीं प्रियंका  

बताया जा रहा है कि प्रियंका से निक जोनस की मुलाकात ‘क्वांटिको’ के सेट पर एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों साल 2017 में मेट गाला इवेंट पर हाथों में हाथ डाले देखे गए। इसके बाद उन्हें कई बार साथ देखा गया। वैसे, निक जोनस महज 25 साल के हैं और प्रियंका चोपड़ा से तकरीबन 11 साल छोटे है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Nick Jonas, Priyanka Chopra, affair, rumored, india
OUTLOOK 23 June, 2018
Advertisement