Advertisement
05 February 2020

अनिल अंबानी के बेटों ने रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर बोर्ड से दिया इस्तीफा, शेयरों में गिरावट

रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी के बेटों-जय अनमोल अंबानी और जय अंशुल अंबानी ने नियामकीय फाइलिंग के तहत रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के निदेशक मंडल से इस्तीफा दे दिया। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि दोनों ने निदेशक मंडल में शामिल किए जाने के छह महीने के भीतर इस्तीफा दिया है। उनका इस्तीफा 31 जनवरी से प्रभाव में आ गया है।

शेयरों में आई पांच फीसदी की गिरावट

हालांकि, इस्तीफे के कारण के बारे में कुछ नहीं बताया गया है। अंबानी बंधु अक्टूबर 2019 में निदेशक मंडल में शामिल हुए थे। कंपनी ने 31 जनवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को लिखे खत में यह जानकारी दी। दोनों के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद से कंपनी के शेयरों में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार को कंपनी के शेयरों में पांच फीसदी की गिरावट आई। अंबानी बंधु अक्टूबर 2019 में बोर्ड में शामिल हुए थे। 

Advertisement

कंपनी पर 6000 करोड़ रुपये का कर्ज संकट

रिलायंस इंफ्रा 6000 करोड़ रुपये के कर्ज के संकट का सामना कर रही है। ऐसे में इस खबर के बाद निवेशकों का भरोसा कंपनी पर और कम होने की आशंका है। बीते चार महीने में रिलायंस इंफ्रा के शेयरों में 28 फीसदी की कमी आई है। वहीं, पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में गिरावट 91 फीसदी रही।

नवंबर में अनिल अंबानी रिलायंस कम्युनिकेशंस से दिया था इस्तीफा

इससे पहले नवंबर में अनिल अंबानी ने कर्ज के बोझ से दबी टेलीकॉम कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था। शेयर बाजारों को दी जानकारी में कंपनी ने कहा था कि अंबानी के साथ ही छाया विरानी, रायना करानी, मंजरी काकर, सुरेश रंगाचर ने आरकॉम के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले मणिकंतन वी, ने कंपनी के निदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) का पद छोड़ा था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Anil Ambani, sons, resign, Reliance Infrastructure.
OUTLOOK 05 February, 2020
Advertisement