Advertisement
15 September 2015

दिल से सर्जन मन से चित्रकार

दिल्ली में अमेरिका में बस गए भारतीय चिकित्सक शिवदेव सिंह के बनाए चित्रों की एकल प्रदर्शनी लगने जा रही है। इन चित्रों में उत्तर भारत के राज्य पंजाब की एक दुल्हन अपनी दादी-नानी के सोने के गहने पहने नजर आएगी तो दूसरी ओर नदी के पानी में भैंसों का झुंड नहाता दिखेगा। वहीं पीली हरी सरसों के खेतों में पृष्ठभूमि में कहीं फुलकारी भी झांकेगी।

प्रदर्शनी में सिंह के बनाए हुए 20 तैल चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। सभी चित्रों में पंजाब का ग्रामीण जीवन जीवंत होगा। इस शो की क्यूरेटर इतिहासकार अलका पांडे हैं। यह शो 17 सितंबर से विजुअल आर्ट गैलरी में शुरू होगा। साथ ही इसी दिन एक किताब का विमोचन भी होगा जिसमें चित्रकारी की तस्वीरें और उसके बारे में संक्षिप्त जानकारी होगी।

पटियाला के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से मेडिसिन की पढ़ाई करने वाले 79 वर्षीय सिंह ने कहा, मेरे पिता भारतीय सेना में सर्जन थे और मैं उनके जैसा ही बनना चाहता था। लेकिन बचपन से ही मैं चित्र बनाता था। मेडिकल की पढ़ाई करते हुए भी यह सिलसिला चलता रहा।

Advertisement

सिंह द्वारा बनाए गए हड्डियों के कई रेखाचित्र पटियाला स्थित मेडिकल कालेज के एनाटॉमी म्यूजियम में रखे हैं। उन्होंने कहा, लेकिन पूर्णकालिक शिशु रोग विशेषज्ञ बनने के साथ कलाकार बने रहना आसान नहीं था। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपना पूरा समय चित्रकारी को दे दिया।

उनकी पेंटिंग्स की पहली प्रदर्शनी 1997 में कैलिफोर्निया में लगी। इसके बाद उनकी प्रदर्शनी भारत में वर्ष 2000 में चंडीगढ़ में और वर्ष 2009 में दिल्ली में लगी।

पंजाब के ग्रामीण जन-जीवन की झलक दिखाने वाली उनकी प्रदर्शनी का शीर्षक है, बियॉन्ड द विलेज पॉन्ड : कल्चरल रिफ्लेक्शन्स ऑफ पंजाब।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: shivdev singh, Curater, alka pande, art historian, visual arts gallery, government medical college, patiala, शिवदेव सिंह, क्यूरेटर, अलका पांडे, कला इतिहासकार, विजुअल आर्ट गैलरी, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, पटियाला
OUTLOOK 15 September, 2015
Advertisement